उत्तर प्रदेश राजस्व संग्रह अमीन संघ के बैनर तले मंगलवार को तहसीलदार की कथित कार्यप्रणाली के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हुई। तहसील परिसर में धरना- प्रदर्शन कर तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग की। चेताया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि तहसीलदार अमित शेखर आए दिन कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। सार्वजनिक स्थल पर अपमानित करते हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासनादेश जारी होने के बाद भी दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर वेतन आहरित नहीं किया गया। कारण पूछने पर कार्रवाई करने की धमकी देते हैं। संग्रह अमीन जयनाथ यादव का निलंबन वापस लिया जाए।
संग्रह अनुसेवकों को वसूली कार्य, निर्वाचन व आपदा को छोड़कर किसी अन्य कार्य में ड्यूटी न लगाई जाए। समस्त कर्मचारियों की देयता को ससमय भुगतान किया जाए। हर हाल में मांगें पूरी होनी चाहिए। लक्ष्मी सिंह यादव, सुरेशचंद्र पांडेय, अशोक तिवारी, अखिलेश, राम अवध, राजनाथ, बद्री, सुरेश पांडेय, रीना सिंह आदि थीं। अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष हरीशचंद्र व संचालन महामंत्री प्रमोद कुमार यादव ने किया।