प्रखंड क्षेत्र की दरखा पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया जय प्रकाश महतो को शुकवार की शाम पांच बजे बालडा मोड़ पर बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर गम्भीर रूप से जख्मी कर दिया।
इलाज के लिए उनको नवादा ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित दरखा पंचायत के ग्रामीणों ने जमुई-नवादा मुख्य सड़क मार्ग को दरखा मोड़ के समीप जाम कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस के दो वाहनों में ग्रामीणों ने आग लगा दी।
घटना के संबंध में एसडीपीओ डा. राकेश कुमार ने बताया कि घटना के बाद उपद्रवियों ने फायरिंग भी की है। जबकि उग्र लोगों की पत्थरबाजी में सिकंदरा थानाध्यक्ष जीतेंद्र देव दीपक सहित कई जवान जख्मी हो गए हैं। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। कुछ लोग इसे चुनावी रंजिश में की गई हत्या बता रहे हैं।
पीड़ित परिजनों ने बताया कि मुखिया जय प्रकाश महतो एक निर्विवाद तथा समाजसेवी व्यक्ति थे। उनको किसी से आज तक व्यक्तिगत तौर पर विवाद नहीं हुआ। सरेशाम गोली मार कर मुखिया की हत्या कर देने की घटना से सभी लोग हतप्रभ हैं।