थाना क्षेत्र के दुर्खुशी गांव निवासी लोकगीत गायक संजय उर्फ संजीव की करीब ढाई वर्ष पूर्व शराब में विषाक्त पदार्थ पिलाकर की गयी हत्या के मामले में बिसरा रिपोर्ट में विषाक्त पदार्थ देने से मौत की पुष्टि हुई। इसपर मरदह थानाध्यक्ष राजकुमार यादव ने पुलिस टीम के साथ करदह कैथवली चट्टी के पास से मंगलवार की सुबह हत्यारोपित अशोक राम पुत्र रामलाल राम निवासी ग्राम केलही थाना मरदह व उसकी महिला मित्र कुसुम देवी पत्नी अच्छेलाल निवासी कंचनपुर थाना दुल्लहपुर को गिरफ्तार कर लिया।
मरदह थानाध्यक्ष राजकुमार यादव ने बताया 18 जुलाई 2019 को दुर्खुशी गांव निवासी लोकगीत गायक संजय उर्फ संजीव राम की केलही गांव निवासी हारमोनियम वादक अशोक राम के घर पर शाम करीब 8:00 बजे संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी थी। अशोक राम ने संजीव उर्फ संजय के परिजनों को विद्युत करेंट से मौत होने की सूचना दी थी। संजय उर्फ संजीव के पिता देवनन्दन राम ने पुत्र की संदिग्ध परिस्थियों मौत होने को लेकर स्थानीय थाना में प्रार्थना पत्र देकर पोस्टमार्टम करवाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा को जांच के लिए भेजा गया था। जहां बिसरा की जांच रिपोर्ट करीब एक सप्ताह पूर्व आने पर पता चला कि यह मौत किसी विषाक्त पदार्थ के खिलाने से हुई है, इसकी बिसरा रिपोर्ट से पुष्टि होने पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
बता दें कि ढाई वर्ष पूर्व लोकगीत गायक संजय उर्फ संजीव की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत की घटना को लोग धीरे-धीरे भूलने लगे थे, लेकिन इस प्रकरण में बिसरा रिपोर्ट आने पर एक बार फिर चर्चा में आ गई। बिसरा रिपोर्ट में विषाक्त पदार्थ से मौत होने की पुष्टि पर पुलिस ने विवेचना के बाद नामजद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों को पुलिस ने संबंधित धारा के तहत जेल भेज दिया है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में मरदह थानाध्यक्ष राजकुमार यादव, विनय कुमार, रंजीत कुमार, ज्योति कुमारी आदि शामिल रहे।