सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शनिवार को कर्मचारियों ने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक पर आरोप लगाते हुए धरना दिया। कहा कि चिकित्सा अधीक्षक कर्मचारियों के साथ आए दिन ड्यूटी का समय समाप्त होने के बाद भी बेवजह काम करवा रहे हैं।
इस दौरान करीब एक घंटे ओपीडी का कार्य प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन इस केंद्र से डाक्टर एवं कर्मचारी नदारद रहते हैं, जो अपने समय पर ड्यूटी पर नहीं आते हैं। इसी कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात चिकित्सा अधीक्षक ने बीते दिनों कई कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ ही उन्हें समय पर ड्यूटी करने की हिदायत दी थी।
इसके बाद से ही कर्मचारियों के एक गुट एवं चिकित्सा अधीक्षक के बीच तनातनी चल रही थी। अब उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डा. रूद्रकांत सिंह ने बताया कि पूर्व में लापरवाह और समय से ड्यूटी न आने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाई के लिए सीएमओ के यहां पत्र प्रेषित करने के साथ कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसी के चलते कर्मचारियों ने झूठा आरोप लगाते हुए काम बाधित कर धरना दिया है। इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।