Type Here to Get Search Results !

Recent Gedgets

Trending News

शुक्रवार को देव दीपावली पर श्रद्धालुओं ने जलाए दीप, घाट हुए रोशन

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को देव दीपावली का पर्व उमंग एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर शहर के गंगा घाटों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के घाटों की सजावट कर आकर्षक बिजली की झालरों से उनका श्रृंगार कर उन्हें दीपों की रोशनी से जगमग किया गया था। दीपों के जलते ही ऐसी अनुपम छटा दिखाई दी मानो आसमान से झिलमिलाते सितारे जमीं पर उतर आए हो।

मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा को देवताओं की दीपावली होती है। इस अवसर पर देव दीपावली मनाई जाती है। शहर के कलक्टर घाट, गोलाघाट, चीतनाथ घाट, खिड़की घाट पर हजारों की संख्या में दीप जलाए गए थे। शाम ढलते ही मां गंगा की आरती उतारी गई। इधर गंगा घाट दीपों की रोशनी से नहा उठे। इस मनोहारी दृश्य को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग इन घाटों पर शाम होते ही पहुंच गए थे। दीपों की रोशनी की जगमग के बीच आतिशबाजी का लोगों ने जमकर आनंद उठाया। घंटों घाटों पर मौजूद इस नजारे को देखने के लिए बच्चे ही नहीं बड़ों में भी गजब का उत्साह दिखाई दिया। इस अवसर पर लोगों ने अपने घर के छतों पर भी दीए जलाए हुए थे।

औड़िहार संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के बूढ़े महादेव घाट, पक्का घाट, रंगमहल घाट, कोल्हुआ घाट ने देव दीपावली पर दीपों का नौलखा हार पहना। यह अदभुत नजारा देखते ही बन रहा था। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार बैजलपुर स्थित अति प्राचीन सोमेश्वर महादेव मंदिर को देव दीपावली पर दीपों की आकर्षक सजावट की गई थी। ऐसा लग रहा था कि मानो आसमान से सितारे जमीं पर आ गए हो। 

उधर जमानिया संवाददाता के अनुसार नगर के चक्काबांध, परशुराम जमदग्नि ऋषि घाट पर परंपरागत तरीके से देव दीपावली धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान घाटों को असंख्य दीपों से सजाया गया था। बच्चों ने खूब पटाखे छोड़े। महिलाओं और पुरुषों ने इसका भरपूर आनंद लिया। दिलदारनगर संवाददाता के अनुसार माई जी की कुटिया के पोखरे पर देव दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। पोखरे के चारों तरफ जगमगाते दीपों की रंगोली सजाकर आर्कषक आकृतियां सजाई गई। पोखरा और मंदिर परिसर अनोखी आभा से झिलमिला उठा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ad Space

uiuxdeveloepr