Type Here to Get Search Results !

Recent Gedgets

Trending News

चंदौली में लगातार हो रही बारिश जनजीवन के लिए खतरा बन गई, कच्‍चा मकान गिरने से 2 लोगाें की मौत

दो दिन से लगातार हो रही बारिश जनजीवन के लिए खतरा बन गई है। शुक्रवार की रात कच्चा मकान गिरने से धानापुर थाना के हिंगुतरगढ़ में मकान गिरने से कमली देवी (38) और बलुआ थाना के सर्वानंदपुर में कच्ची दीवार गिरने से रामदिहल यादव (48) की मौत हो गई। घटनाओं से कोहराम मच गया। लगातार बारिश से जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। गंगा के जलस्तर में इजाफा हो रहा है। वहीं बांधों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। इससे बाढ़ का खतरा दोबारा मंडराने लगा है। बारिश में तार टूटने और पेड़ गिरने से मुख्यालय समेत जिले के अधिकांश इलाकों में बिजली गुल रही। शनिवार की सुबह मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।

सर्वानंदपुर गांव निवासी रामदिहल शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद घर के बाहर मड़ई में सोने चले गए। लगातार बारिश की वजह से देर रात मड़ई की मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। इसकी चपेट में आने से रामदिहल गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर स्वजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां ले जा रहे थे। इसी बीच उन्होंने दम तोड़ दिया। दूसरी घटना धानापुर के हिंगुतरगढ़ गांव की है। बारिश से कच्चा मकान धराशाई हो गया। इससे कमली देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी बहन बिंदा घायल हो गईं, जिनका इलाज निजी चिकित्सालय में कराया गया। मिश्रपुरा गांव में गोविंद मौर्या का कच्चा मकान धराशाई हो गया। 

इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन पशुओं का चारा बर्बाद हो गया। बारिश से निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन, कचहरी पुलिया समेत सर्विस रोड पर जगह-जगह जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई। शुक्रवार की देर रात कचहरी के समीप विद्युत तार टूट गया। वहीं सकलडीहा रोड पर लगे ट्रांसफार्मर पर पेड़ टूटकर गिर पड़ा। इसके चलते बिजली व्यवस्था चरमरा गई। लोगों को बगैर बिजली रात गुजारनी पड़ी। शनिवार की सुबह मरम्मत होने के बाद बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

बारिश से जल्द नहीं मिलेगी राहत

कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी कृष्णमुरारी पांडेय के अनुसार बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से बारिश हो रही है। छह अक्टूबर तक मौसम खराब रहने की आशंका है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। औसत अधिकतम तापमान 32.0 से 34.0 और न्यूनतम तापमान 24.0 से 26.0 डिग्री सेल्सियम तक रहेगा। आर्द्रता 92 से 97 फीसद के मध्य होगी। सामान्य गति से ज्यादातर पश्चिम व दक्षिण दिशा से हवा चलने की संभावना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ad Space

uiuxdeveloepr