स्थानीय रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का बुरा हाल है। एक वर्ष पूर्व स्टेशन पर लगा कोच इंडिकेशन बोर्ड शो पीस बना हुआ है। इसके चलते यात्रियों को इस सुविधाओं का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है, वहीं उन्हें ट्रेनों की जानकारी के लिए भटकना पड़ रहा है।
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर कोच इंडिकेशन बोर्ड लगाने की मांग रेल यात्रियों द्वारा करने के बाद दानापुर मंडल रेलवे प्रशासन ने एक वर्ष पूर्व स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक व दो 24 कोच वाला कोच इंडिकेशन बोर्ड लगवाया, लेकिन इसकी सुविधा रेल यात्रियों को आज तक नहीं मिली। मुंबई जाने के लिए स्टेशन पर पाटलीपुत्र-लोकमान्य तिलक सुपरफास्ट व दिल्ली जाने के लिए इस्लामपुर नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन सहित कोटा-पटना, कुर्ला-पटना स्पेशल ट्रेन का ठहराव है।
ऐसे में इन ट्रेनों के यात्रियों को अपने कोच तक पहुंचने में भारी परेशानी होती है। कई बार तो यह देखा गया है कि कोच तक पहुंचने में यात्रियों की ट्रेन भी छूट जाती है। विभागीय उच्चाधिकारियों के ध्यान न देने से कोच इंडिकेशन बोर्ड शो पीस बना हुआ है। बार-बार शिकायत के बाद भी इसमें सुधार होता नहीं दिख रहा है। इस बारे में पूछे जाने पर दानापुर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय प्रसाद ने बताया कि बहुत जल्द ही कोच इंडिकेशन बोर्ड शुरू हो जाएगा।