चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के महरौड़ा गांव में मंगलवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियों से छलनी कर प्रधानपति नित्यानंद सिंह उर्फ पंकज (36) की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में खलबली मच गई। घटनास्थल पर आईजी एसके भगत व एसपी अमित कुमार समेत कई थाने की पुलिस फोर्स पहुंच गई।
चहनियां ब्लॉक के महरौड़ा गांव की प्रधान संगीता सिंह के पति पंकज सिंह मंगलवार की सुबह अपने खेत के पंपिंग सेट के समीप आम तोड़वा रहे थे। इसी बीच बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश हाथों में तमंचा व पिस्टल लेकर पहुंचे। बदमाशों ने ताबड़तोड़ छह गोलियां दाग कर पंकज सिंह को मौत के घाट उतार दिया। गोलियों की तड़तड़ाहट से खेत में काम कर रहे किसानों में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों को देख बदमाश कई राउंड हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। परिजनों ने पूर्व प्रधान स्वर्गीय मनोज यादव के परिजनों पर सुपारी देकर हत्या का आरोप लगाया है। एसी अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच पड़तात की जा रही है।
डेढ़ महीने पहले जेल से घर आए थे पंकज महरौड़ा गांव के तत्कालीन प्रधान मनोज यादव का 20 अप्रैल 2020 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस वक्त पंकज सिंह पर हत्या का आरोप लगा था। पंकज सिंह हत्या के आरोप में जेल में बंद थे। डेढ़ माह पहले जेल से जमामत पर छूटकर घर आए थे।