दिल्ली की एक युवती के साथ दो मई को सिकंदरा चौराहा स्थित एक होटल में दुराचार हुआ था। युवती की दोस्ती ऑनलाइन शेयर चैट पर आगरा के युवक से हुई थी। युवक ने धमकाकर आगरा बुलाया। एक रात होटल में रखा। दूसरे दिन मंदिर में शादी रचाई और एक घंटे साथ रखने के बाद वापस भेज दिया। अब युवती ने आगरा के सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपित को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
पीड़ित युवती वर्तमान में जयपुर में रहती है। मूलत: दिल्ली की निवासी है। उसने पुलिस को बताया कि कुछ माह पहले ऑनलाइन उसकी पहचान शेयर चैट पर श्याम विहार कालोनी, नराइच निवासी प्रमोद कुमार से हुई। दोनों के बीच चैटिंग होने लगी। वह उस पर भरोसा करने लगी। चैटिंग में मन की बात भी लिखने लगी। आरोपित ने चैटिंग का वीडियो बना लिया। उसे ब्लैकमेल किया। एक मई को उसे फोन किया। उससे कहा कि अपने प्रमाणपत्र और जितने भी रुपये हैं लेकर आगरा आ जाओ। ऐसा नहीं किया तो पूरे परिवार को मरवा देगा। उसे बदनाम कर देगा। वह घबरा गई। आगरा आ गई।
आरोपित ने उसे सिकंदरा क्षेत्र के एक होटल में रखा। रात को उसके साथ दुराचार किया। उसने मुकदमा लिखाने की बात बोली तो सुबह उसके साथ मंदिर में शादी कर ली। उसके रुपये और प्रमाण पत्र अपने पास रख लिए। उससे कहा कि कुछ दिन बाद आ जाना। तब तक घर देखकर रखेगा। उसके बाद वह जब भी आने की बोलती, उसे बदनाम करने की धमकी देता। उसका वीडियो वायरल करने की धमकी देता। सीओ हरीपर्वत दीक्षा सिंह ने बताया कि सिकंदरा इंस्पेक्टर कमलेश सिंह ने आरोपित को पकड़ा। युवती के बयानों के आधार पर आरोपित को जेल भेजा गया है। पुलिस साक्ष्य संकलित कर रही है। उसके आधार पर चार्जशीट लगाई जाएगी।