थाना क्षेत्र के शेखनपुर में मंगलवार को एक युवक की नाले में गिर जाने से डूब कर उसकी मौत हो गयी। परिजनों ने उसकी तलाश की तो पता नही चला। उसकी लाठी नहर में देखकर साथी चरवाहों ने नहर में तलाशा तो मशक्कत के बाद जाल डालकर उसके शव को बाहर निकाला। जहां सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह घटना मंगलवार की दोपहर की है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
मंगलवार की दोपहर 12 बजे के आसपास थाना क्षेत्र के शेखनपुर गांव स्थित नहर के पास टुनटुन पाल पुत्र वशिष्ठ पाल (43) भेड़ चरा रहा था। इसी बीच जोर से बारिश होने लगी, तब वह कहीं सुरक्षित स्थान की ओर नहर मार्ग से जाने लगा। कीचड़ और बारिश के बीच उसका पांव फिसल गया और सीधे नहर में जा गिरा। आस-पास मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि नहर में उसकी लाठी तैरती दिखी और आस-पास कहीं वह नजर नहीं आया, तो शंका हुई कि कहीं वह नहर में तो नहीं गिर गया है।
ग्रामीणों ने जाल डालकर उसकी खोज शुरू कर दी तो करीब आधे-पौन घंटे बाद नहर से उसका शव निकाला गया। इसकी खबर मिलते ही परिजनों में कोहरा मच गया और बस्ती में मातम छा गया। मृतक टुनटुन पाल का एक लड़का अमित पाल और दो लड़कियां अमृता और आरती हैं। इनमें आरती की शादी हो गई है। जानकारी होने पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।