स्थानीय रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए चल रहा निर्माण कार्य बंद किए जाने से नगर क्षेत्र की जनता में आक्रोश है। यात्री सुविधाओं के लिए प्लेटफार्म एक और दो पर चल रहा विस्तार सहित अन्य कार्य बंद कर दिया गया है। रेल रोको संघर्ष समिति के संयोजक लक्ष्मण पांडेय ने बताया कि इस संबंध में रेल प्रशासन सहित क्षेत्रीय सांसद को कई बार पूर्व में ज्ञापन सौंपा गया है। रेवती नगर पंचायत के साथ ब्लाक मुख्यालय भी है। गंगा व घाघरा के तटवर्ती दर्जनों ग्राम सभाओं के ढाई लाख से अधिक आबादी का जुड़ाव रेवती रेलवे स्टेशन से है।
नगर क्षेत्र के हजारों लोग सुदूरवर्ती प्रांतों व महानगरों में कार्यरत हैं। उनको सुरेमनपुर व बलिया ट्रेन पकड़ने आने जाने में अतिरिक्त धन व काफी समय लगता है। ओम प्रकाश कुंवर ने बताया कि यह आजादी से पहले का स्टेशन है। अभी तक इसका दर्जा इ श्रेणी का था। अब उससे भी कम कर हाल्ट कर दिया गया है। व्यापार मंडल रेवती के अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि सांसद द्वारा स्टेशन को नजरअंदाज करने के कारण यह स्थिति है। भोला ओझा, राना प्रताप यादव दाढ़ी, राजकिशोर यादव, प्रधान विरेश कुमार तिवारी, लालू सिंह आदि ने रेल प्रशासन से हाल्ट घोषित रेवती को स्टेशन बरकरार रखने की मांग की है ।
स्टेशन का दर्जा बरकरार रखने का होगा प्रयास :
सांसद सलेमपुर के सांसद रवींद्र कुशवाहा ने बताया कि यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए चल रहा कार्य पुन: आरंभ करने, हाल्ट घोषित रेवती को स्टेशन का दर्जा बरकरार रखने तथा इसे इ श्रेणी से हटाकर सी श्रेणी में करने के लिए अपने स्तर से मंत्रालय को खत लिखने के साथ प्रयास करूंगा।
Purvanchal News in Hindi | News in Hindi | Purvanchal News | Latest Purvanchal News | Purvanchal Samachar | Samachar in Hindi | Online Hindi News | Purvanchal News |