कोतवाली भुड़कुड़ा अंतर्गत सलेमपुर गांव स्थित एक पोखरे से चोरों ने शुक्रवार की रात लाखों रुपए की मछलियां चुरा ली है। पीड़ित ने इस मामले में भुड़कुड़ा थाना में नामजद तहरीर दी है, जहां पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
कस्बे से सटे पोखरे में बाजार के ही घनश्याम चौहान ने मछली पालन के लिए पिछले वर्ष लाखों रुपए से ज्यादा की मछलियों को पोखरे में डाली थी। वहीं शुक्रवार की दोपहर उसने पांच पेटी और मछलियों के बच्चों को तालाब में डाल दिया था। ताकि मछलियों की संख्या और हो सके। वहीं मछलियों की सुरक्षा के लिए तालाब के ऊपर लकड़ी व घासफूस आदि सामग्री डाल दिया था, ताकि कोई मछलियों को न मार सके, लेकिन घनश्याम को क्या मालूम की उसकी मछलियों के पीछे पहले से ही कुछ लोग लगे हुए हैं।
जैसे ही रात हुई, वैसे ही पहले से घात लगाए मछलियों की चोरी करने वाले लोग तालाब के ऊपर डाली गयी लकड़ियों व घासफूस को हटाकर धीरे-धीरे करीब 4 से 5 कुंतल मछलियों को मारकर निकाल लिया गया और वहां से सभी फरार हो गये। जब घनश्याम अपनी मछलियों को देखने के लिए शनिवार की सुबह तालाब पर गया, तो वहां का नजारा देखकर हक्का-बक्का रह गया। तुरंत उसने पहले गांव जाकर पूछताछ शुरू की, तब किसी से उसे पता चला कि बगल के गांव कुदनीपुर के लोगों के बारे में पता चला कि वह शुक्रवार की रात में उस पोखरे से मछलियां मारकर ले गये हैं।
इस कृत्य से घनश्याम को लाखों रुपये का चूना लगा है। चोरों के बारे में पूरी जानकारी हो जाने के बाद घनश्याम सीधे भुड़कुड़ा थाना पहुंचकर नामजद तहरीर दी है और जल्द से जल्द चोरों के गिरफ्तार करने के साथ ही हुए नुकसान की भरपायी कराये जाने की मांग की। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मछलियों की चोरी का मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच-पड़ताल की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि जल्द ही चोरों की गिरफ्तार कर लिया जायेगी।