विंध्याचल के घमहापुर गांव में कम्पोजिट विद्यालय बूथ पर सोमवार को एक पक्ष के लोगों ने पूर्व प्रधान पर फर्जी तरीके से वोटिंग कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। मामला बढ़ने पर दोनों में कहासुनी हो गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर और सीओ नगर स्थानीय पुलिस के साथ पहुंचकर उनको समझाने का प्रयास किया तो वे लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसडीएम और सीओ के गाड़ियों पर पथराव कर वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की जानकारी होते ही भारी संख्या में फोर्स पहुंच गई। उपद्रव करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। विवाद के कारण कुछ देर तक मतदान रुका रहा। मामले की जानकारी होते ही एडीएम व एडिशनल एसपी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते रहे। बताया जा रहा है कि घमहा गांव के एक पूर्व प्रधान कुछ लोगों से मतदान करा रहे थे। इसी दौरान विपक्ष के एक प्रत्याशी इसका विरोध करने लगे। उनका आरोप था कि पूर्व प्रधान फर्जी लोगों से वोटिंग करा रहे हैं, उनको रोका जाए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
उपद्रव शुरू होने के करीब दो घंटे तक चले हंगामे और नारेबाजी के दौरान पुलिस को स्थिति पर काबू करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वर्तमान में स्थिति शांतिपूर्ण हो गई है। एसडीएम सदर गौरव श्रीवास्तव का कहना है कि आरोपितों को चिन्हित किया जा रहा है। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं क्षेत्र में सुरक्षा कारणों से पुलिस व्यवस्था कड़ी कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस प्रशासन के अनुसार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर हमला करने वाले लोग कतई बख्शे नहीं जाएंगे।