सुहवल थाना क्षेत्र के पटखौलियां गांव में सोमवार की सुबह करीब दस बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसके चलते सात लोगों की कुल बारह रिहायशी झोपडियां जलकर राख हो गई। इसमें रखे हजारों की नगदी सहित गृहस्थी का सामान, कपड़ा महत्वपूर्ण कागजात सहित पशुओं का चारा जलकर राख हो गया। पीड़ितों के अनुसार इस घटना में करीब 5 लाख रुपये की क्षति हुई है। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर करीब दो घंटे बाद करीब बारह बजे आग पर काबू पाया।
सोमवार को पटखौलीया में सात परिवारों की गृहस्थी चंगारी से जलकर राख हो गई। हादसा तब हुआ जब बस्ती निवासिनी उठनी देवी सहित अन्य लोग सिवान में काम करने चले गये थे। तभी अचानक बस्ती से धुएं का गुबार उठने लगा। इसे देख लोग कुछ समझ पाते इसके पहले ही एक-एक कर सभी झोपडियां आग की चपेट में आने लगी। यह देख ग्रामीण शोर मचाते हुए मौके की तरफ दौड़े। अपने निजी संसाधनों के सहारे आग पर काबू पाने में जुट गये। लपटें इतनी तेज थी कि कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।
आग की भयावहता कम होने पर लोग किसी तरह इसपर काबू पा सके। इस अगलगी में कस्बा निवासिनी उठनी देवी, सुनील, मुनीब की एक-एक, जबकि रामकृत, रामनारायण, धनराज की दो-दो और मोहन की तीन झोपडियां जलकर राख हो गयीं। पीड़ितों ने बताया कि करीब दस कुतंल खाद्यान्न, पशुओं कई कुंतल, कपडा, बर्तन, चारपाई, 50 हजार की नगदी आदि अन्य जरूरी समान जलकर राख हो गये। पीड़ितों ने बताया कि इस अगलग की सूचना राजस्व कर्मियों व पुलिस को दे दी गयी है। सूचना मिलते ही मौके पर प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह, राजस्व निरीक्षक इंद्रप्रताप सिंह, लेखपाल रामराज, विनीत सिंह आदि पहुंचकर क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी है।