बिहार के कटिहार जिले में एक विद्यालय में प्रधानाचार्य की दावेदारी को लेकर विद्यालय में ही दो शिक्षकों के बीच दंगल देखने को मिला। कुर्सी की लड़ाई के लिए दोनों ने स्कूल को ही लड़ाई का अखाड़ा बना दिया। उन्होंने एक-दूसरे पर कुर्सी तोड़ डाली। स्कूल में आधे घंटे तक यह घमासान चलता रहा।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में प्रधानाध्यापक नीलम कुमारी के विदाई समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी निरंजन कुमार चौधरी भी मौजूद थे। विदाई समारोह खत्म होने के दौरान प्रधानाध्यापक का पद वरीय शिक्षक को देने की बात चल रही थी। इसी दौरान शिक्षक मृत्युंजय कुमार यादव ने दूसरे शिक्षक सुमन कुमार यादव का विरोध किया।
इस बात को लेकर दोनों में विवाद काफी ज्यादा बढ़ गया और जमकर मारपीट हुई। मारपीट में दोनों शिक्षकों के परिजन भी शामिल थे। वहीं स्थानीय लोगों की सूचना पर थानाध्यक्ष ने गश्ती में गए पुलिस अधिकारियों को मौके पर भेजा। दोनों शिक्षकों ने एक-दूसरे पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। ये घटना बरारी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुड़िया की है।
घटना को लेकर विद्यालय की प्रधानाध्यपिका का कहना है कि शिक्षक मृत्युंजय कुमार यादव पहले से ही विवादों से घिरे रहे हैं। उन्होंने विदाई समारोह के दौरान प्रभार को लेकर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के साथ दुर्व्यवहार किया। इसके बाद दोनों शिक्षक आपस में उलझ गए।