पिपरी थाना क्षेत्र के गाड़ा बैरियर के पास शनिवार की रात राख ढोने वाले बल्कर व पिकअप में भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में मां-बेटे सहित तीन लोगों की मौत मौके पर हो गई जबकि 12 लोग घायल हो गए। रविवार की सुबह उपचार के दौरान चालक बृजेश कनौजिया (24) निवासी टोला बरईया ने भी दम तोड़ दिया। घायलों को उपचार के लिए हिंडाल्को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पांच की हालत गंभीर बताई गई है। उनका उपचार वाराणसी में चल रहा है।
अनपरा थाना क्षेत्र के बेनादह गांव से शनिवार की सुबह पिकअप से करीब दो दर्जन लोग छत्तीसगढ़ के उदलगढ़ स्थित किसी धार्मिक स्थल पर दर्शन पूजन के लिए गए थे। दर्शन पूजन के बाद सभी उसी पिकअप से लौट रहे थे। पिपरी थाना क्षेत्र के गाढ़ा बैरियर के पास शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे उसकी टक्कर बल्कर से हो गई। बल्कर अनपरा की तरफ से रेणुकूट की ओर आ रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप के परखचे उड़ गए। हादसे के बाद कोहराम मच गया। गाढ़ा गांव के लोग घटना स्थल की तरफ दौड़े।
कुछ लोगों ने घटना की सूचना पिपरी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पिपरी प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार राय क्षेत्राधिकारी के साथ मौके पर पहुंच गए और राहत व बचाव का कार्य तेज हुआ। इस हादसे में बेलवादह गांव की अतवरिया पत्नी रामकिशुन, जगपतिया (40) पत्नी सिंहलाल व जगपतिया के पुत्र राजकुमार (18) की मौत हुई है। पिकअप पर सवार सभी लोगों को छोटे आई हैं। हालांकि अत्यधिक घायल 12 लोगों को उपचार के लिए हिंडाल्को चिकित्सालय भेजा गया। जिसमें पांच की हालत चिकित्सकों ने गंभीर बताई है।