भुड़कुड़ा कोतवाली अंतर्गत जलालपुर धनी गांव निवासी मंजू (26) ने घर के पीछे स्थित नीम के पेड़ में मंगलवार की रात फांसी के फंदे पर लटक कर जान दे दी। स्थानीय लोगों ने बुधवार की सुबह शव को नीचे उतारने के साथ ही पुलिस को सूचित किया। तबतक मंजू के मायके वाले भी पहुंच गए। मंजू की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व हुई थी। पुलिस फांसी लगाने के कारण का पड़ाल कर रही है।
अरविद राम जलालपुर बाजार में ठेले पर चना भूनकर उसे बेचकर अपने परिवार की आजीविका चलाता है। मंगलवार की देर शाम वह घर गया और खाना खाकर सो गया। देर रात उसकी पत्नी मंजू घर के पीछे नीम के पेड़ की टहनी में प्लास्टिक के रस्सी का फंदा लगाकर उसपर लटक गई। बुधवार की सुबह अरविद की मां ने मंजू को शौच जाने के लिए आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला। इस पर वह घर के अंदर गई तो वहां भी नहीं मिली। तभी उसकी नजर घर के पीछे नीम के पेड़ पर पड़ी, जिसपर मंजू फंदे पर लटक रही थी। इसके बाद शोर मचाने लगी। चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतार कर पुलिस को सूचित किया। तबतक बहरियाबाद थाना क्षेत्र के खरका निवासी मृतका के पिता हरिराम दर्जनों के साथ पहुंचे और अपनी बेटी का शव देखकर विलखने लगे। मृतका अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है।