श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा की लाइव आरती और दर्शन के लिए कैंट स्टेशन पर हेल्प डेस्क से टिकट की सुविधा बहाल होगी। लाइव दर्शन के लिए स्मार्ट सिटी के तहत लगाई जाने वाली एलईडी स्क्रीन का इंतजार किया जा रहा है। सर्कुलेटिंग एरिया में आरक्षण केंद्र के निकट लगने वाली एलईडी स्क्रीन और पोल की डिजाइन तैयार हो चुकी है। इसे अगस्त तक पूरा कर लिया जाना था, पर कोविड के चलते यह शुरू नहीं किया जा सका। इसकी डिजाइन अब स्वीकृत हुई है।
लाइव दर्शन के लिए लगने वाली स्क्रीन के साथ ही यहां पहले से स्थापित श्रीकाशी विश्वनाथ न्यास के हेल्प डेस्क से श्रद्धालुओं को टिकट भी जारी किया जा सकेगा। पूर्व रेल राज्यमंत्री सुरेश सी अंगड़ी ने कैंट रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क की स्थापना की थी। खासतौर से दक्षिण भारतीय यात्रियों को बाबा की आरती के दर्शन के लिए भटकना न पड़े, इसका ध्यान रखा गया था। करीब चार से पांच माह के बाद ही लॉकडाउन लगा, इसके बाद से यह हेल्प डेस्क बंद है।
हर महीने बिकते थे पांच से सात सौ टिकट
हेल्प डेस्क से हर महीने औसतन चार से पांच सौ टिकट की वितरण शुरू हुआ था। इसके लिए न्यास की ओर से यहां तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। ट्रेनें बंद होने के बाद हेल्पडेस्क बंद कर दी गई थी। हेल्प डेस्क की शुरुआत फिर से होगी। अभी लाइव दर्शन के लिए अलग से स्क्रीन भी लगने वाली है। उसके साथ ही हेल्प डेस्क की शुरुआत की जाएगी।