नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत ने कहा कि सेवापुरी को मॉडल ब्लॉक बनाने में असली चुनौती अब शुरू हुई है। ग्रामीणों में व्यवहार परिवर्तन मॉडल ब्लॉक बनाने के लिए सबसे जरूरी है, जिससे पिछले दिनों हुए विकास कार्यों की सार्थकता बनी रहे।
सेवापुरी ब्लॉक मुख्यालय के सभागार में शनिवार को समीक्षा बैठक के दौरान अमिताभ कांत ने कहा कि अगले छह माह में सेवापुरी जरूर देश के लिए मॉडल बनेगा। विभागीय अधिकारियों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों से कहा कि अगले छह माह बहुत महत्वपूर्ण हैं। अधिकारियों को ग्रामीणों के बीच जाकर उन्हें प्रशिक्षित करना होगा। समाज के प्रबुद्धजनों, सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों, बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों में सफाई, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता लानी होगी।
अमिताभ कांत ने कहा कि चार-पांच माह में सेवापुरी में बेहतर काम हुए हैं, लेकिन यह तभी प्रभावी होगा, जब हर ग्रामीण अपनी जिम्मेदारी समझे। उन्होंने कहा कि अभी तक फंड खर्च हुआ है, लेकिन अब विभागों की जिम्मेदारी बढ़ गई है। विशेषकर महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को लोगों में व्यवहार परिवर्तन के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि कचरा प्रबंधन को लेकर खास तौर पर लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव एनएन सिन्हा ने कहा कि गांव के लोगों के व्यवहार पर ही पूरी कार्ययोजना टिकी है। लोगों के व्यवहार परिवर्तन के लिए भी सेवादलों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।