जंसा के परमपुर गांव में मंगलवार सुबह गीता देवी (28) पत्नी अनिल राजभर ने फांसी लगाकर जान दे दी। ससुर श्यामजी फूल बाजार से सुबह 11 बजे घर लौटे तो दरवाजा बंद था। आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा खुलावाया गया तो कमरे के रोशनदान से दुपट्टे के सहारे गीता का शव लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि पति अनिल राजभर शराब का आदी है। इसे लेकर पत्नी से आये दिन विवाद होता था। सोमवार शाम भी इसी को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। पति ने गीता की पिटाई कर दी थी। इसके बाद से गीता काफी क्षुब्ध थी। सुबह जब सभी लोग बाहर चले गये, तब उसने फांसी लगाकर जान दे दी। घटन के समय गीता का सात साल का बेटा और एक बेटी भी बाहर थी।
उधर सूचना मिलते ही सिंधोरा थाने के करेमुआ मायके से परिजन पहुंच गये। पुलिस ने शव कब्जे में लेने का प्रयास किया तो लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। किसी तरह शव पुलिस ने कब्जे में लिया। मायके वालों का कहना था कि हत्या कर शव लटका दिया गया है। हालांकि देर शाम तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी। एसओ जंसा सतीश कुमार सिंह ने बताया कि मायके वालों की तरफ से कोई तहरीर अभी तक नहीं पड़ी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।