कंधरापुर थाना के पास रविवार की सुबह मैजिक और आल्टो कार की आमने-सामने की टक्कर में एक महिला सहित सात लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने महिला सहित पांच की हालत गंभीर देख उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
शहर के बावाली मोड़ के पास से एक मैजिक सात सवारियों को लेकर अतरौलिया की ओर जा रही थी। कंधरापुर थाने के पास पहुंचते ही मामने से आ रही कार से टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों के साथ पुलिस ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। मैजिक में सवार एक महिला सहित चार तथा कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने मैजिक सवार घायल बिहार के भागलपुर जनपद निवासी 36 वर्षीय मु. फिरोज पुत्र हलीम व 40 वर्षीय अख्तर पुत्र जाकिर, 35 वर्षीया किरन पत्नी संतू निवासी दुधनारा थाना कंधरापुर, 55 वर्षीय सुभाष निवासी मुंडा थाना सिधारी को तथा कार सवार महराजगंज थानाक्षेत्र के मोलनापुर निवासी 20 वर्षीय अनिकेत प्रजापति पुत्र वीरबहादुर, 14 वर्षीय सचिन व 22 वर्षीय राहुल को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने किरन, सुभाष, अनिकेत, सचिन व राहुल की हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। मु. फिरोज व अख्तर का मंडलीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों शहर के बेलइसा के पास रहते हैं। फेरी कर कपड़ा बेचते हैं। कपड़ा बेचने के लिए बूढ़नपुर जा रहे थे। बवाली मोड़ के पास मैजिक में सवार हुए थे।