ब्रिटेन से एक माह के दौरान बनारस लौटे 14 लोग कुछ दिन अपने घरों में रहने के बाद फिर यात्रा पर निकल गए हैं। उनमें कोई वापस लंदन चला गया है तो कोई लखनऊ, मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद या कानपुर तो कोई कोलाकता में है। इस जानकारी के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित शहरों के डीएम को उनकी जांच कराने के लिए पत्र लिखा है। स्वास्थ्य विभाग ने ब्रिटेन से लौटे सभी 45 लोगों को ट्रेस कर लिया है।
कोरोना का नया स्ट्रेन आने के बाद यूके से आने वाले चिह्नित किए जा रहे हैं। शासन से स्वास्थ्य विभाग को 58 लोगों की सूची मिली थी। उनमें 45 लोग 24 नवंबर के बाद लौटे हैं। इनमें नौ लोगों की जानकारी शुक्रवार तक नहीं मिल सकी थी। शनिवार को घर-घर पड़ताल के दौरान स्वास्थ्य विभाग को जानकारी मिली कि 14 लोग अपने घरों पर नहीं मिले। इनमें दो लोग लंदन लौट चुके हैं जबकि बाकी देश के अलग-अलग शहरों में हैं।