राजगीर में निर्माणाधीन नेचर सफारी मार्च तक लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी कार्य जल्द-से-जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, कहा है कि सफारी में निर्माण कराए जा रहे ग्लास फ्लोर ब्रिज भी मार्च तक तैयार हो जाएगा। यह देश का दूसरा इस तरह का पुल है। मुख्यमंत्री शनिवार को राजगीर पहुंचे और नेचर सफारी और जू सफारी के कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने राजगीर में नेचर सफारी के साथ-साथ जू सफारी बनाने की बात कही थी। इसका बेहतर ढंग से निर्माण किया जा रहा है। यहां आकर देखने और घूमने से युवा पीढ़ी को प्रकृति के संबंध में काफी जानकारियां मिलेंगी और वे पर्यवारण के प्रति सजग होंगे। यहां आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस की स्थायी तैनाती की जाएगी। ताकि गलत प्रवृत्ति का व्यक्ति किसी को नुकसान नहीं पहुंचाए। तकनीकी विशेषज्ञों की भी यहां नियमित तैनाती रहेगी। नेचर सफारी में रात में सैर पर पाबंदी रहेगी। बावजूद, यहां 24 घंटे पुलिस तैनात रहेगी।
पर्यटकों का ठहराव बढ़ाने के कई परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर को देश के बड़े टूरिस्ट हब के रूप में विकसित करने की कड़ी में ही इन सफारियों का निर्माण किया जा रहा है। पर्यटकों का ठहराव बढ़ाने के लिए यहां कई बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। यहां आने वाले तमाम सैलानियों की बेहतर सुरक्षा के इंतजाम करने के साथ ही वैश्विक स्तर की सुविधाएं दी जाएंगी। राजगीर में स्थापित नालंदा विश्वविद्यालय हो या पुलिस ट्रेनिंग सेंटर, स्पोर्ट्स एकेडमी हो या अन्य प्रतिष्ठान व सामन्य लोग, सभी को शोधित गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा।