पूर्वी यूपी में मौसम एक बार फिर सर्द होने लगा है। साइबेरिया से आ रही बर्फीली हवाएं असर दिखा रही हैं। दिन व रात का तापमान नीचे लुढ़क रहा है। शनिवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस (डिसे) तक पहुंच गया।
शुक्रवार की शाम से ही हवाओं का रुख बदला हुआ है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाएं मौसम को सर्द किए हुए हैं। शुक्रवार की शाम को करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ चलीं। शनिवार को सुबह से हवा की रफ्तार कम हुई। हालांकि तब तक मौसम का मिजाज सर्द हो चुका था। हवा में नमी बढ़ गई। शनिवार को अधिकतम आर्द्रता 84 फीसदी हो गई। न्यूतम आर्द्रता भी 60 फीसदी रही। हवा में नमी बढ़ने के कारण शनिवार को न्यूनतम तापमान 7 डिसे रहा। यह शुक्रवार के मुकाबले 1.2 डिसे कम हैं।
दिन में भी मौसम शुक्रवार के मुकाबले सर्द रहा। सुबह धूप हुई। दिन चढ़ने के साथ सूरज के तेवर तल्ख भी हुए। पश्चिमी हवाएं सूरज के किरणों की गर्मी पर हावी रहीं। करीब नौ किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पछुआ चली। शनिवार को दिन में अधिकतम तापमान 22 डिसे रहा। यह शुक्रवार के मुकाबले 0.4 डिसे कम रहा। मौसम विशेषज्ञ केसी पाण्डेय ने बताया कि पछुआ का सितम जारी रहेगा। रविवार को दिन और रात का तापमान लुढ़केगा। तड़के कोहरा छा सकता है।