ठंड में रेल पटरी चटकने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके मद्देनजर पटरियों की गश्त तेज कर दी है। रविवार रात सायरमाता मंदिर के पास अगरतल्ला-हबीबगंज स्पेशल ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद पटरी चटक गयी। इस बीच, पेट्रोलमैन छक्कन व अलगू की नजर पड़ने से बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने घटना की सूचना रेल अधिकारियों को दी।
सूचना मिलने के बाद उप स्टेशन अधीक्षक युगल किशोर व स्टेशन पोर्टर मनीष मौके पर पहुंच गये। निरीक्षण करने के बाद उन्होंने दानापुर रेल कंट्रोल को सूचित किया। रेल पथ विभाग के कर्मचारियों ने देर रात चटकी रेल पटरी के पास क्लैंप बांधकर मरम्मत कार्य किया। रेल परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। इस संबंध में रेल पथ निरीक्षक अखिलेश्वर प्रसाद ने बताया कि ट्रेनों को 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार के कॉशन पर चलाया गया। रविवार रात रेल पटरी का तापमान आठ डिग्री सेल्सियस नापा गया।