सोमवार की सुबह गोरखपुर कोहरे की चादर में ढका रहा। कोहरा इतना घना रहा कि लोगों को पास की चीजें भी नजर नहीं आईं। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए पूर्वानुमान जताया था कि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री व अधिकतम 16 डिग्री के करीब रहेगा। हालांकि सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्स्यिस रिकार्ड किया गया। पिछले चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट आई है। रविवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। इसकी तुलना में सोमवार का न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
दिन भर चलेंगी पछुआ हवाएं
पहाड़ों पर जारी बर्फबारी के कारण लोग हवा में गलन का प्रभाव है। मौसम विशेषज्ञ ने पूर्वानुमान जताया था कि सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे तक पुरुवा हवाएं चलेंगी। उसके बाद दिन में पछुआ हवाएं चलेंगी। इनकी गति 4 से 14 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय का कहना है कि बदले मौसम ने क्रिसमस व नव वर्ष की तैयारी करने वालों का उत्साह दूना कर दिया है, पर मौसम का आनंद लेने के साथ लोगों को थोड़ी सी सावधानी अपनाने की जरूरत है। शुक्रवार से मौसम में अचानक परिवर्तन आया है। शुक्रवार, शनिवार व रविवार लगातार कोल्ड डे व कोल्ड वेव का प्रभाव रहा। अभी क्रिसमस तक सुबह के कुछ घंटों तक घने कोहरे का प्रभाव रहेगा। रविवार को भी सड़कों पर घना कोहरा छाया रहा। लोग अपने वाहनों की हेडलाइट जलाकर धीमी गति के साथ यात्रा करते देखे गए। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
यलो जोन में गोरखपुर
मौसम विभाग ने सोमवार को भी कोल्ड वेव(शीतलहर) चलने की संभावना जताई थी। कोल्ड वेव के लिहाज से गोरखपुर को यलो जोन में रखा गया है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड को देखते हुए सावधानी अपनाने को भी कहा है। यह भी कहा है कि लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें। अधिक देर तक ठंड में रहने से बचें। फिट व भारी गर्म कपड़ें पहनें। सिर, गर्दन, हाथ, पैर सहित पूरे शरीर को ढक कर रखें। वाटरप्रूफ जूतें पहनें। हेल्दी फल व सब्जियां खाएं। विटामिन सी युक्त पदार्थ खाएं।