जिले में अलग अलग सड़क हादसों में दो लोगों ने अपनी जानें गंवा दीं। वहीं इन हादसों में नौ लोग जख्मी भी हो गए। बरदह थाना क्षेत्र के चौकी गांव के पास रविवार की शाम कार के धक्के से 55 वर्षीय अधेड़ की मौके पर मौत हो गई। इसके साथ ही मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र में दो बाइको की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, तीन लोग घायल हो गए। निजामाबाद थाना क्षेत्र में ट्रक बोलेरो के टकर में पांच तथा कंधरापुर थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार घायल हो गया। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बरदह संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के चौकी गांव के पास रविवार की शाम एक 55 वर्षीय अज्ञात अधेड़ साइकिल से जा रहा था। जौनपुर की ओर जा रही कार ने धक्का मार दिया। अधेड़ की मौके पर मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मेंहनाजपुर संवाददाता के अनुसार तियरा गांव निवासी 22 वर्षीय नीलेश कुमार सिंह पुत्र धर्मेन्द्र सिंह गांव के 21 वर्षीय आकाश विश्वकर्मा पुत्र शंकर के साथ शनिवार की रात नौ बजे बाइक से घर जा रहा था। सिधौना बाजार के पास मानिकपुर मोड़ पर एक अन्य बाइक ने धक्का मार दिया। निलेश की मौके पर मौत हो गई।
आकाश विश्वकर्मा घायल हो गया। दूसरी बाइक सवार आशीष मौर्य पुत्र वंशू मौर्य, सेहदी पुत्र नद्दी निवासी सिधौना भी घायल हो गए। सभी घायलों का वारणसी में उपचार चल रहा है। निलेश तीन भाई में दूसरे स्थान पर था। घटना के बाद से मृतक के घर कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संजरपुर संवाददाता के अनुसार निजामाबाद थाना क्षेत्र के बरबसपुर कनैथा गांव निवासी नाथू पुत्र संतू यादव अपनी पत्नी, पुत्री व भतीजी तथा एक रिश्तेदार के साथ बोलेरो से सरायमीर जा रहे थे। निकामुद्दीनपुर गांव के पास पहुंचते ही समाने से आ रहे ट्रक ने धक्का मार दिया।
जिससे बोलेरो में सवार उक्त सभी लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। सिधारी थाना क्षेत्र के हथिया गांव निवासी 25 वर्षीय सोनू यादव पुत्र रामजीत रविवार की सुबह बाइक से रिश्तेदारी जा रहा था। कंधरापुर थाना क्षेत्र के नामदारपुर के पास पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित हो कर पलट गई। जिससे वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।