मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में पिछले 22 दिनों में 27 हजार कोविड पाजिटिव के एक्टिव केस कम होने पर संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि कोविड-19 के संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए बचाव और उपचार के व्यापक प्रबन्ध निरन्तर जारी रखे जाएं। उन्होंने लखनऊ, कानपुर नगर, प्रयागराज, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर तथा वाराणसी में विशेष सतर्कता बरतते हुए चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को अनलाक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी कोविड चिकित्सालयों में आवश्यक दवाओं, मेडिकल उपकरण एवं आक्सीजन की सुचारु उपलब्धता की जाए। वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा नियमित तौर पर राउण्ड लिया जाए। पैरामेडिक्स द्वारा मरीजों की गहन मानिटरिंग की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन स्तर पर मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य तथा अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा द्वारा जिलाधिकारियों तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से संवाद स्थापित करते हुए चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने कम रिकवरी दर वाले जिलों के जिलाधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी से स्थिति की सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त कर रिकवरी दर में वृद्धि के लिए सभी प्रबन्ध सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।