मुख्यालय स्थित सकलडीहा रेलवे क्रासिग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के समीप रखी सेतु गिगम की लोहे की सात प्लेट गायब हो गई हैं। रात में गार्ड की पहरेदारी के बावजूद हजारों रुपये कीमत की प्लेट गायब होने से कार्यदाई संस्था के अधिकारियों-कर्मचारियों में खलबली मची है। अधिकारियों ने पुलिस को तहरीर देकर मामले से अवगत कराया है। पुलिस गार्डों से पूछताछ के साथ ही मामले की छानबीन कर रही।
सेतु निगम की ओर से सकलडीहा रेलवे क्रासिग पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। पिलर खड़े कर दिए गए हैं। वहीं स्लैब डालने का काम शुरू किया गया है। स्लैब के नीचे लगाने के लिए कार्यदाई संस्था की ओर से लोहे की प्लेट मंगाई गई थी। प्लेट फिलहाल रेलवे ट्रैक के समीप रखी गई थी। इसमें सात प्लेट गायब हो गई। कार्यदाई संस्था के अधिकारियों-कर्मचारियों की इस पर नजर पड़ी तो अवाक रह गए। इसके बारे में आसपास के दुकानदारों व लोगों से पूछताछ की। रेलवे से भी इसके बाबत पड़ताल की। लेकिन प्लेट का पता नहीं चला।
दरअसल, कार्य स्थल पर दिन में अधिकारी-कर्मचारी जमे रहते हैं। जबकि रात के वक्त सामान की देखरेख और निगरानी के लिए गार्ड नियुक्त किए गए हैं। इसके बावजूद प्लेट गायब होने पर अधिकारी हैरत में हैं। सेतु निगम के एई एके यादव ने कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस को घटना से अवगत कराया। पुलिस गार्डों से पूछताछ कर चुकी है। लेकिन अभी तक चोरों को कोई सुराग नहीं मिला है। इससे चोरी की घटना को लेकर रहस्य गहराता जा रहा है। एई ने बताया कि सात प्लेट गायब हो गई हैं। इसके बाबत पुलिस को अवगत कराया गया है। पुलिस गार्डों से पूछताछ कर चुकी है। इसको लेकर रेलवे से भी बात की गई थी। हालांकि अभी तक प्लेट का पता नहीं चला।