यूपी मेट्रो रेल कारपोरेशन ने सात सितम्बर से मेट्रो चलाने की तैयारियां तेज कर दी है। इसके लिए स्टेशनों व ट्रेनों को सैनिटाइज करने का काम शुरू कर दिया गया है। सैनिटाइजेशन का काम छह सितम्बर तक लगातार चलेगा। सात सितम्बर की सुबह छह बजे से पब्लिक के लिए मेट्रो शुरू हो जाएगी। एमडी कुमार केशव ने शुक्रवार को खुद मेट्रो स्टेशनों का निरीक्षण किया।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए मेट्रों ने सफाई के साथ साथ सैनिटाइजेशन पर भी विशेष फोकस किया है। शुक्रवार से टीमें स्टेशनों की साफ सफाई व सैनिटाइजेशन के काम में लग गयी। यूपी मेट्रो रेल कारपोरेशन के एमडी कुमार केशव ने खुद भी स्टेशनों का जायजा लिया। सबसे पहले वह चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन पहुंचे। यहां सफाई, सैनिटाइजेशन के साथ साथ यात्री सुविधाओं का भी जायजा लिया। थर्मल स्कैनिंग काउन्टर पर खुद जाकर थर्मल स्कैनिंग करायी।
यहां से लेकर मुंशिपुलिया मेट्रो स्टेशन तक सभी स्टेशनों का उन्होंने निरिक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों के संपर्क में आने वाले स्थानों जैसे टिकट काउंटर्स, एएफ़सी गेट, टीवीएम मशीनों, प्रवेश-निकास द्वारों को भी देखा। कर्मचारियों को सफाई व रोजाना सैनिटाइजेशन करने का निर्देश दिया।