रामनगर गांव में शुक्रवार की रात एक युवक को सोते समय घर से उठाकर ले गए दबंगो ने मार मारकर अधमरा कर दिया। हत्या की नियत से पिटायी करने के बाद उसे धान के खेत में फेंक दिया। शनिवार की सुबह गांव के लोगों ने देख परिवार के लोगों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे परिजन घायलावस्था में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गांव के लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी गयी। गांव निवासी 35 वर्षीय उमाकांत पुत्र पारसनाथ का कुछ दिन पूर्व पड़ोसियों के बच्चों से विवाद हुआ था।
उस दिन मामला थाने तक पहुंचा था। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया और समझा-बुझाकर घर वापस भेज दिया था। इस मामले मे कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। उसी विवाद को लेकर दबंगों ने रात उमाकान्त को सोते समय मुंह दबाकर सिवान में उठा ले गए। सिवान में ले जाकर उसे इस कदर से पीटा कि वह मर जाए। मरा समझकर हमलावर धान के खेत में फेंककर फरार हो गए। रात में परिवार के लोगों को पता नहीं चला। सुबह किसी ने देखा और घर वालों को सूचित किया। सूचना पाकर घर वाले पहुंचे और युवक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए। थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।