राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर मकसूदपुर गांव के पास सड़क के बीचो-बीच जल निगम की पाइप फट गई है। इससे प्रतिदिन जब पानी की आपूर्ति होती है, तो सड़क पर पानी फैल जाता है और सड़क के बीचो-बीच करीब तीन फिट गड्ढा हो गया है। इसमें आए दिन लोग गिर चोटिल हो रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से पहले जल निगम का पाइप सड़क के किनारे पानी आपूर्ति के लिए लगाया गया था। जबसे सड़क का चौड़ीकरण हुआ है, तब से पाइप सड़क के बीचो बीच हो गया है।
सड़क पर चल रहे ओवरलोड वाहनों के कारण जल निगम का पाइप फट गया है। इसके चलते जगह-जगह पानी रिस कर सड़क पर बह रहा है। प्रशासनिक अधिकारी जिला मुख्यालय से इसी मार्ग से होते हुए जमानियां पहुंचते हैं, लेकिन किसी का ध्यान इस धंसी हुई सड़क पर नहीं पहुंचता। इससे लोगों में रोष है। विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी देने के बाद भी जल निगम का पाइप ठीक नहीं किया जा रहा है। इससे दर्जनों घरों में जलापूर्ति का भी संकट बना हुआ है। लोगों ने विभाग से इसे जल्द ठीक करने की मांग की है।