रुपहले पर्दें के खलनायक सोनू सूद की पहल पर शाहपुर क्षेत्र की विधि छात्रा प्रज्ञा मिश्रा का बुधवार को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन हो गया। पिता ने ‘हिन्दुस्तान’ को बताया कि बेटी ऑपरेशन हो गया है। उसकी तबीयत ठीक है। वह जल्द ही अपने पैरों पर खड़ी हो सकेगी। सोनू सूद परिवार के लिए भगवान से कम नहीं है।
प्रज्ञा अपनी मां और एक रिश्तेदार के साथ मंगलवार को ट्रेन से दिल्ली रवाना हुई थी। बुधवार को वह दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची तो वहां सोनू सूद की टीम मिली। सबकुछ पहले से तय था। चंद घंटे में जांच के बाद ऑपरेशन हो गया। पिता ने बताया कि फोन पर बात हुई है। बेटी ठीक है। सोनू सूद की वजह से इकलौती बेटी अपने पैरों पर खड़ी होगी। बता दें कि शाहपुर क्षेत्र में रहने वाली प्रज्ञा मिश्रा गोरखपुर यूनिवर्सिटी में विधि छात्रा हैं। फरवरी महीने में दुर्घटना में उनके दोनों घुटने की हड्डी टूट गई। पूजा पाठ कर परिवार का गुजारा करने वाले पिता की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने से बेटी का इलाज नहीं हो पा रहा था।
प्रज्ञा ने पादरी बाजार में एक आर्थोपेडिक सर्जन से परामर्श लिया तो उन्होंने ऑपरेशन की बात कही, और इलाज में 1.20 से 1.30 लाख रुपये का खर्च बताया। इसके बाद प्रज्ञा ने सत्ता से जुड़े तमाम लोगों से पीड़ा बताई और मदद की गुहार की। पिता ने बताया कि किसी नेता और अधिकारी ने बेटी के मदद को लेकर पहल नहीं की। इसके बाद प्रज्ञा ने फिल्म अभिनेता सोनू सूद को ट्वीट से मदद की गुहार की। इसके बाद सूद ने सक्रियता दिखाते हुए ऑपरेशन का इंतजाम कराया।