नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शुक्रवार को राजद कार्यालय पहुंचे। उनके साथ श्याम रजक भी थे। उन्होंने कार्यालय परिसर में हो रहे निर्माण का मुआयना किया। बाद में प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह से वामदलों से हुई बात की जानकारी ली। नेता प्रतिपक्ष ने करीब एक घंटे तक कार्यालय में रुके। उन्होंने इस दौरान राजद की अबतक की चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी की।
अपने सहायक संजय यादव के कोरोना पॉजिटिव होने की खबरों के बाद तेजस्वी ने गुरुवार को सारे कार्यक्रम स्थगित कर दिया था। माना जा रहा था कि तेजस्वी होम आइसोलेशन में चले गए हैं। लेकिन, शुक्रवार को वह सबको चौंकाते हुए अपनी सक्रियता बढ़ा दी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि उनकी कोरोना जांच की रिपोर्ट निगेटिव है। लिहाजा वह चुनाव को देखते हुए सक्रिय हो गए। सुप्रीम कोर्ट के चुनाव संबंधी फैसले के बाद सक्रियता बढ़ गई है।
तेजस्वी यादव की जगदानंद के साथ बैठक के बारे में श्याम रजक ने बताया कि हम मजबूती के साथ चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। महागठबंधन एक होकर चुनाव लड़ेगा। इस बार वामदलों को भी साथ लेकर चलेंगे। तेजस्वी यादव जनता के सवालों को लेकर आगे बढ़ रहे हैं।