पंचायत चुनाव समय पर होने की पूरी संभावना है। सरकार ने इसकी तैयारियां शुरू करा दी हैं। अगले सप्ताह वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण का काम शुरू कराए जाने की तैयारी चल रही है वहीं ग्राम पंचायतों के अभिलेखों को जमा करने का काम भी जल्द शुरू हो जाएगा। अभिलेखों को रखने के लिए जनपद के सभी नौ ब्लॉकों में अभिलेखागार बनाने के निर्देश जारी किए जा रहे हैं। मैनपुरी में इस बार 562 के स्थान पर 552 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद का चुनाव होगा। दस ग्राम पंचायत नगर पालिका और नगर पंचायत का हिस्सा बन गई हैं इसलिए वहां प्रधानी के चुनाव नहीं कराए जाएंगे।
मैनपुरी के नौ ब्लॉकों में 562 ग्राम पंचायतें थी, इनमें से मैनपुरी ब्लॉक की सात ग्राम पंचायतें मैनपुरी नगर पालिका क्षेत्र में शामिल हो गईं। पालिका के सीमा विस्तार में इन ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया था। इसके अलावा बरनाहल नगर पंचायत की घोषणा होने के बाद अब बरनाहल, मढ़ामई और निवहरा ग्राम पंचायतों में भी प्रधान पद का चुनाव नहीं होगा। दस ग्राम पंचायतें सीमा विस्तार का हिस्सा बनने के लिए अब जिले में 552 ग्राम पंचायतों में पंचायत चुनाव कराए जाएंगे। पंचायत चुनाव के साथ ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव भी होंगे। क्षेत्र पंचायत के चुनाव भी साथ में होते रहे हैं लेकिन इस बार सरकार ब्लॉक प्रमुख का चुनाव सीधे वोटर से कराने के प्रस्ताव पर भी विचार कर रही है।