इंडो- नेपाल के सोनबरसा बॉर्डर पर नेपाल सशस्त्र बल के जवान ने मंगलवार को एक भारतीय युवक की पिटाई कर दी। दो माह के अंदर हुई दूसरी घटना से क्षेत्र के लोग दहशत में है।
जानकारी के अनुसार, सीमा से सटे भारतीय क्षेत्र के बसतपुर निवासी फेकन पंडित कुम्हार का पुत्र मुकेश कुमार (19) पर्व-त्योहार के लिए मिट्टी का बर्तन एक टोकरी में लेकर सोनबरसा हाट बाजार बेचने जा रहा था। इसी दौरान झीम नदी किनारे नेपाल सशस्त्र बल के एक जवान ने मुकेश पर डंडे से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। टोकरी में रखे मिट्टी के बर्तनों को तोड़कर बर्बाद कर दिया। उसका मोबाइल छीनकर नदी में फेंक दिया।
हाट बाजार की ओर जा रहे राहगीर नेपाल सशस्त्र बल द्वारा मिट्टी बर्तन विक्रेता की पिटाई करते देख शोर मचाने लगे। इसी बीच बॉर्डर पर तैनात एसएसबी के जवान वहां पहुंचे। युवक को नेपाल सशस्त्र बल से बचाने के लिए दौड़ पड़े। सूचना पर एसएसबी 51वीं बटालियन के सहायक कमांडेंट भोलानाथ यादव, बीडीओ ओमप्रकाश, थानाध्यक्ष राकेश कुमार, पुअनि संजय कुमार मौके पर पहंुच कर स्थिति की जानकारी ली। सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने नेपाल सशस्त्र बल की कार्यशैली पर खेद व्यक्त किया।
एसएसबी कमांडेंट ने विभागीय वाहन से घायल युवक को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां से युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने सीतामढ़ी सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बीडीओ ने बताया कि नेपाल सशस्त्र बल की हरकत की सूचना जिले के वरीय अधिकारियो को दे दी गई है।