मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 करोड़ बच्चों के लिए 11 जिलों में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का शुभारंभ किया। सीएम ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य समाज और व्यक्ति के जीवन को सुखी व समर्थ बनाते हुए राष्ट्र को विकसित व समृद्ध बनाता है। कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के दौरान भी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को तत्परता के साथ आगे बढ़ाया गया है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के साथ ही, विटामिन-ए सम्पूरण कार्यक्रम तथा पीसीवी टीकाकरण का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने विटामिन-ए की खुराक बच्चों की पिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिशु, बाल एवं किशोर स्वास्थ्य अभियानों में सभी अपनी-अपनी भागीदारी निभाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी 1 से 19 वर्ष के बच्चों को कृमि नियंत्रण दवाई खिलाई जाएगी। प्रथम चरण में आज से प्रारम्भ होकर अगले 10 दिन तक अमेठी, अमरोहा, बांदा, चित्रकूट, एटा, फिरोजाबाद, हापुड़, हाथरस, कासगंज, शाहजहांपुर और सोनभद्र में यह अभियान चलाया जाएगा। इन 11 जिलों में कृमि मुक्त किए जाने वाले 1 से 19 वर्ष के बच्चों तथा किशोर तथा किशोरियों की संख्या 99 लाख 28 हजार है।
राष्ट्रीय कृमि मुक्त अभियान से राज्य के लगभग 10 करोड़ बच्चे, किशोर-किशोरी लाभान्वित होंगे। यह अभियान चार चरणों में माह अगस्त, सितम्बर, अक्टूबर तथा नवम्बर, 2020 में संचालित किया जाएगा। इसके तहत 1 से 19 वर्ष के बच्चों तथा किशोर तथा किशोरियों को 400 मिली ग्राम एल्बेण्डाजाल की चबाने वाली गोली दी जाएगी।