रिश्तेदारी में देवकली आए युवक की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी और शव को गांगी नदी के किनारे फेंक दिया। युवक की हत्या के साथ ही उसका मोबाइल भी स्विच आफ कर दिया। हत्यारे वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। रात में युवक के घर नहीं पहुंचने से परिजन परेशान रहे। सुबह जब एक शव ग्रामीणों को नदी किनारे दिखाई दिया तो उसकी पहचान भी देवकली क्षेत्र के एक रिश्तेदार के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस और रिश्तेदारों ने युवक के परिजनों को करंडा खबर भेजी और इसके बाद शव का पंचनामा भरा गया। पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
करंडा थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपुरा के तुला पट्टी निवासी संतोष दुबे (30) गांव से शुक्रवार की शाम बिना बताए रिश्तेदारी में देवकली चला आया। परिवार के लोगों को देर रात तक उसकी जानकारी नहीं मिली और बाद में उसका फोन भी बंद बताने लगा। इसके बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका पर सुबह थाने को जानकारी दी। वहीं दूसरी ओर, नंदगंज थाना क्षेत्र के देवकली तरांव ग्राम के पास गांगी नदी पुल के समीप शनिवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसके शरीर और चेहरे पर चोटों के निशान थे और कपड़े भी अस्त व्यस्त थे। संतोष दूबे का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी और सूचना पर नंदगंज पुलिस मौके पर पहुंची।