यह जानकारी चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने मंगलवार को अपर मुख्य सचिव गृह व सूचना अवनीश अवस्थी के साथ एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में दी। श्री प्रसाद ने बताया कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश में 93,774 टेस्टिंग हुई हैं। अब तक 39,66,848 टेस्टिंग हो चुकी हैं। ये संख्या अन्य राज्यों की तुलना में सबसे ज्यादा है। इस समय 50,242 सक्रिय मरीजों में 25008 मरीज होम आइसोलेशन में, 1719 निजी अस्पतालों में और 283 मरीज सेमी पेड एल-1 प्लस की सुविधा वाले होटलों और गेस्ट हाउसों में भर्ती हैं।
अब तक सरकारी व निजी संस्थानों में 62,443 कोविड हेल्प डेस्क बन चुकी हैं। इनमें 6 लाख 58 हजार 67 कोरोना वायरस के लक्षण वाले लोग पाए गए हैं। इनके नमूने लेकर जांच की जा रही है। पिछले 24 घंटों में 1720 लोगों ई-संजीवनी पोर्टल का उपयोग किया। अब तक 31 हजार 690 लोग इसका इस्तेमाल कर चुके हैं।