प्लेसमेंट एजेंसी संचालकों ने चोरी के आरोप में जेल गई महिला को जमानत पर बाहर निकाला। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म कर देह व्यापार में धकेल दिया। सुभाष प्लेस पुलिस ने इस मामले में मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, बिहार के पूर्णिया जिले की रहने वाली 35 साल की पीड़िता ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि 2002 में उसकी शादी हुई थी लेकिन 17 साल बाद पति ने उसे छोड़ दिया। दो बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उस पर थी। पीड़िता की मुलाकात 2017 में संजय शाह से हुई जो गांव की लड़कियों को दिल्ली में नौकरी के लिए ले जाता था। पीड़िता भी उसके साथ दिल्ली आ गई।
चोरी भी करवाई
पीड़िता ने बताया कि उसे पहले पीतमपुरा और फिर विजय विहार स्थित कोठी में काम करने के लिए भेजा गया। 2018 में उसने संजय के कहने पर चोरी की थी जिसमें उसे जेल जाना पड़ा था। संजय ने उसे इस साल फरवरी में जमानत पर बाहर निकाला।
आरोपी दुष्कर्म करता रहा
पीड़िता ने बताया कि उसे जमानत पर बाहर निकालने के बाद संजय शाह ने उसे किशन राय नाम के शख्स के पास छोड़ दिया। किशन पीड़िता के साथ दुष्कर्म करता रहा। इसके बाद वह पीड़िता से देह व्यापार भी कराने लगा। इस काम में किशन का साथी आरिफ भी था। ये सभी प्लेसमेंट एजेंसी संचालक हैं। पीड़िता ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान उसे दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में देह व्यापार के लिए भेजा गया। चूंकि जमानत पर वह बाहर थी इसलिए घर भी नहीं जा सकती थी।
आरोपियों ने पिटाई भी की
पीड़िता ने 21 अगस्त को देह व्यापार करने से मना कर दिया तो आरोपियों ने उसकी पिटाई की। फिर वह मौका देखकर शकूरपुर स्थित आरोपियों के घर से भाग निकली और 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संजय, किशन और आरिफ को गिरफ्तार कर लिया।