जिले में कोरोना महामारी की रफ्तार निरंतर जारी है। अब प्रवासियों की बजाए स्थानीय लोगों व सरकारी महकमे में संक्रमण का ग्राफ बढ़ने लगा है। बीएचयू से सोमवार की शाम जारी रिपोर्ट में एक प्रवासी समेत कुल 26 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। इसमें एक बालक व चार महिला भी शामिल हैं। अब कुल आंकड़ा 1178 पहुंचा गया है। हालांकि वर्तमान में 304 एक्टिव मामले हैं। अब तक 863 मरीज अस्पताल से घर लौट चुके हैं। वहीं 11 मरीजों की कोरोना की वजह से मौत हो चुकी है।
जिले में हाल ही में बैंगलुरू से लौटा एक प्रवासी कामगार कोरोना पॉजिटिव मिला है। इसके अलावा शेष 25 स्थानीय लोगों व सरकारी कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण मिला है। इसमें एक स्वास्थ्य विभाग कर्मी, दो रेलकर्मी, एक सोशल वर्कर, एक एकाउंटेंट, एक प्राइवेट ड्राइवर, तीन किसान, एक गनर पुलिस विभाग, दो गृहणी, तीन छात्र व दो मजदूर शामिल हैं। संक्रमितों में सबसे अधिक शहाबगंज ब्लॉक क्षेत्र के आठ लोग निवासी हैं। इसके अलावा पीडीडीयू नगर के सात, सकलडीहा ब्लॉक के तीन और धानापुर, चकिया व नियामताबाद ब्लॉक के दो-दो लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं बरहनी व चहनियां ब्लॉक क्षेत्र के एक-एक संक्रमित निवासी हैं। इसके अलावा एल-वन हास्पीटल से सोमवार को 14 संक्रमितों को डिस्चार्ज किया गया है। इन सभी को एक सप्ताह तक होम क्वारंटीन रहने का निर्देश दिया गया है। डीएम नवनीत सिंह चहल ने बताया कि संक्रमितों के परिजनों व संपर्क में आए लोगों की भी जांच का आदेश दिया गया है। हॉट स्पॉट एरिया में गाइड लाइन का सख्ती से पालन होगा।