उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी जारी है। साथ ही कोरोना से ठीक होकर घर लौटने वालों की भी संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। मंगलवार को प्रदेश में 5124 नए मामले सामने आए हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या भी प्रदेश में 3059 हो चुकी है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन ने बताया कि यूपी में सोमवार को एक लाख 21 हजार 253 सैंपल की जांच की गई थी। प्रदेश में अब तक 47 लाख 96 हजार 488 सैंपल्स की जांच की चुकी है।
उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में कोरोना के 5124 नए मामले सामने आए हैं। प्रदेश में अब तक कोरोना मरीजों की संख्या डेढ़ लाख के पार है। इनमें एक्टिव केसों की संख्या 49575 है। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि नए मामले मिलने के साथ ही तेजी से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। मंगलवार को रिकवरी दर बढ़कर 73.33 प्रतिशत पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि अब तक एक लाख 44 हजार 757 मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं।
ई-संजीवनी पोर्टल से घर बैठे डॉक्टरों से लें सलाह
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन ने बताया कि कोरोना संकट में छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को बाहर न जाना पड़े इसके लिए सरकार ने ई-संजीवनी पोर्टल लांच की है। इसके तहत उत्तर प्रदेश के लोग घर पर बैठक डॉक्टरों से सलाह ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 41 हजार 950 लोगों ने इसका लाभ लिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस का अलर्ट पाने के लिए लोगों को आरोग्य सेतु एप को इंस्टाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच आरोग्य सेतु एप ने नौ लाख 99 हजार 421 लोगों को अलर्ट भेजा था, जिनको मुख्यालय से कॉल भी की गई थी।