देश में चल रहे लॉकडाउन की वजह से सभी गतिविधियां ठप थीं। सभी कोरोना संक्रमण से लड़ने और लोगों को सुरक्षा और सहायता प्रदान करने में लगे थे। अब कार्य शुरू हुए हैं तो काशी का हाल जानने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यालय को जिम्मेदारी दी। पीएमओ के ज्वाइंट सेक्रेट्री ने जिला प्रशासन के साथ तैयारियों की शुक्रवार को समीक्षा की। समीक्षा से संतुष्टि व्यक्त करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अगले सप्ताह किसी भी दिन वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा कर सकते हैं।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम को कमिश्नर दीपक अग्रवाल और जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने ज्वाइंट सेक्रेट्री को जनपद में लॉकडाउन के दौरान चल रहे कार्यो के विषय में विस्तार से बताया। जिलाधिकारी ने बताया कि कोरोना के दौरान किस प्रकार से कोविड-19 पाजिटिव को खोज निकालने के लिए पूरी मशीनरी के साथ संगठित रूप से कार्य किए गए। साथ ही सरकार और सामाजिक संगठनों द्वारा उपलब्ध कराई गई खाद्य सामग्री को वितरित किया गया। हर जरूरतमंद तक पहुंचाया गया। इसके बाद करीब सवा लाख प्रवासियों को उनके घर तक पहुंचाया गया। सेवापुरी के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि नौ सेक्टर में 128 तरह के कार्य चिह्नित किए गए हैं। इसके लिए प्रत्येक विभाग ने अपना कार्य निर्धारित किया है।