अब भी आधी आबादी की शक्ति को कमतर समझ रहे हैं तो सावधान हो जाएं। क्योंकि, कोरोना महामारी से छिड़ी जंग में महिलाओं ने जिस रोग प्रतिरोधक क्षमता का प्रदर्शन किया है वह सराहनीय है। एक तो पुरुषों की अपेक्षा बहुत कम कोरोना वायरस से संक्रमित हुईं तो वहीं संक्रमित होने वाली महिलाओं ने अपनी आत्मशक्ति से मौत को भी मात दे दी।
इसकी गवाही वह हेल्थ बुलेटिन दे रहा है जो कोरोना संक्रमण के बाबत जिला प्रशासन की ओर से जारी किया जा रहा है। जिले में अब तक कोरोना संक्रमण से कुल सात मौतें हुई हैं जिसमें पुरुषों की संख्या छह है तो वहीं, सिर्फ एक महिला इस आंकड़े में शामिल है। इसे फीसद में देखा जाए तो 2.83 फीसद पुरुष तो 1.72 फीसद महिलाएं हैं। वर्तमान में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 270 हो गई है। इसमें 212 पुरुष तो 58 महिला संक्रमित हैं। इसमें 140 पुरुष तो 35 महिलाएं भी स्वस्थ हुई हैं।
वर्तमान में 59 पुरुष तो 13 महिलाएं कोविड-19 के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। स्वस्थ हुई महिलाओं में कई गंभीर बीमारियों से ग्रसित थीं। मसलन, गंगापुर निवासी जिस कोरोना मरीज कपड़ा कारोबारी की मौत हुई थी उनकी पत्नी शूगर व दिल संबंधित बीमारी से पीडि़त थीं लेकिन 10 दिन में ही वह स्वस्थ हो गईं। ऐसे ही 12 महिलाएं और स्वस्थ हुईं हैं जिन्हें गंभीर बीमारी ने पहले से ही जकड़ा था।