इस बार गर्मी के मौमस में पहली बार वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल में भीषण गर्मी रही। स्थिति यह थी कि धरती तप रही थी और आसमान से आग बरस रही थी। गर्म हवा त्वचा को झुलसा रही थी। सोमवार को अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29.0 डिग्री हो गया था। गर्मी की अगर यही स्थिति रही तो 1998 के अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस का भी रिकार्ड टूट सकता है। हालांकि 27 मई से कुछ सुधार की संभावना है।
पिछले साल 26 मई को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी और बढ़ सकती है। यानी यदि ऐसा हुआ तो पिछले साल का रिकार्ड टूट सकता है। हालांकि इस बीच 27 मई के बाद मौसम में बदलाव की संभावना भी जताई जा रही है। प्रसिद्ध मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय के अनुसार रविवार को धरती पर दक्षिणी एवं करीब एक किमी ऊपर पश्चिमी हवा चल रही है। ये दोनों हवाएं गर्मी लेकर आ रही हैं। बताया कि एक-दो दिन और तापमान बढ़ सकता है। बताया कि 27 मई से मौसम में बदलाव हो सकता है। साथ ही 28 या 29 मई को गरज के साथ बारिश की भी संभावना है। इसके बाद तापमान में गिरावट हो सकती है।