बस्ती में छह और गोरखपुर में एक नया कोरोना पॉजिटिव मिलने से पूर्वी उत्तर प्रदेश के इस क्षेत्र में संकट और गहरा गया है। इधर, प्रशासन लॉकडाउन में छूट की सीमा बढ़ाने के बारे में सोच रहा था लेकिन ताजा स्थिति ने उसे पुनर्विचार पर मजबूर कर दिया है। बस्ती में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है।
शनिवार को आई रिपोर्ट में छह और मरीज कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। इनमें से दो संक्रमित पहले से मेडिकल कॉलेज बस्ती के क्वारंटीन सेंटर में थे। अन्य मरीज जिले के चार अलग-अलग स्कूलों में क्वारंटीन थे। कोरोना पॉजिटिव में छावनी क्षेत्र के दो, नगर, रुधौली और सलतौवा क्षेत्र के रहने वाले हैं। इसी के साथ बस्ती में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। एक की मौत हो चुकी है। 22 डिस्चार्ज होकर घर जा चुके हैं। शेष 18 एक्टिव केस हैं। सभी छह नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों को लेवल वन अस्पताल मुंडेरवा में शिफ्ट कर दिया गया है। इसकी पुष्टि नोडल अधिकारी डॉ. फकरेयार हुसैन ने की है।
उधर, गोरखपुर में भी एक नया कोरोना पॉजिटिव मिला है। बेलीपार का रहने वाला यह 23 वर्षीय युवक पांच मई को मुंबई से लौटा था। शनिवार को आई रिपोर्ट में उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। यह युवक मुंबई से एंबुलेंस से लौटा था।