लॉकडाउन में दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासियों को उनके घरों तक पहुंचाने का सिलसिला जारी है। गुजरात के पालनपुर जंक्शन से बरेली मंडल समेत अन्य जिलों के 1150 प्रवासियों को लेकर शुक्रवार शाम 5 बजे चली ट्रेन आने निर्धारित समय से एक घन्टा 43 मिनट देरी से जंक्शन पहुंची। पूर्व की तरह एक एक कोच से यात्री उतारकर सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। मुख्य निकास द्वार पर ही सभी को लंच पैकेट, बिस्कुट का पैकेट और पानी की बोतल देकर संबंधित जनपद की बसों पर भेज दिया गया।
22 कोच की श्रमिक स्पेशल ट्रेन में सबसे ज्यादा कासगंज और बदायूं की सवारी थी। ट्रेन में बरेली के 144 प्रवासी थे। आने वाले सभी प्रवासियों को 46 अलग अलग रुट की बसों से ग्रह जनपदों के लिए भेजा गया। एडीएम सिटी महेंद्र कुमार स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह और मुख्य वाणिज्य निरीक्षक संजीव दुबे के साथ स्टेशन के अंदर की व्यवस्था में रहे, जबकि सिटी मजिस्ट्रेट मदन कुमार बाहर एआरएम बरेली डिपो चीनी प्रसाद, एआरएम रूहेलखंड भुवनेश्वर कुमार के साथ बाहर प्रवासियों को घर तक भेजने की व्यवस्था में लगे रहे। वही आरपीएफ- जीआरपी प्रवासियों से शारीरिक दूरी का पालन कराती रही।