प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एक बार फिर लॉकडाउन के बीच देश को संबोधित किया। उन्होंने जहां एक तरफ केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा कोरोना संकट को दूर करने के उपायों और फैसलों की सराहना की वहीं देशवासियों का भी धन्यवाद किया। इस संबोधन के केंद्र में उनके द्वारा 20 लाख करोड़ के पैकेज का एलान रहा। इतना ही नहीं उन्होंने ये भी साफ कर दिया है कि लॉकडाउन 4 एक नए रंग रूप में होगा जिसके नियम कायदे 18 मई से पहले देशवासियों को बता दिए जाएंगे। पीएम मोदी के इस संबोधन में देश को आर्थिक मजबूती देने का रोड़मैप भी था। उन्होंने इस संबोधन से पहले ही राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कोरोना पर बैठक की थी और उनसे उनके विचार जाने थे। आइए जानते हैं उनके संबोधन की कुछ अहम बातें।
- पीएम मोदी ने इस संबोधन में देश को इस संकट की घड़ी को अवसर में बदलने का रोड़मैप दिखाया। उन्होंने इस लक्ष्य को पाने के लिए देश के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए 20 लाख करोड़ के पैकेज की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ दिनों के अंदर वित्तमंत्री चरणबद्ध तरीके से इसका एलान करेंगी। इसमें देश के किसानों, मजदूरों, उद्योगों समेत सभी के लिए कुछ न कुछ होगा।
- अब तक लगे लॉकडाउन के दौरान हमारे देश के मजदूरों, रेहड़ी वालों और उन लोगों ने जिनका काम रोज कमाना खाना रहा है सबसे ज्यादा मुसीबत झेली है। अब वक्त आ गया है कि हम सब मिलकर उनके लिए कुछ करें और उन्हें मजबूती प्रदान करें।
- पीएम मोदी ने कहा कि लॉकडाउन 4 का एकदम नया रंगरूप होगा। इस लॉकडाउन हर देशवासी नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम करेगा। हर कोई अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहेगा साथ ही अपने करीबियों की भी सुरक्षा को सुनिश्चित करेगा। लॉकडाउन पर फैसले के लिए राज्यों से भी सुझाव मांगे गए थे। 18 मई से पहले लॉकडाउन 4 के नए नियमों को भी पूरी तरह से सार्वजनिक कर दिया जाएगा।