कोविड- 19 के तहत शुक्रवार को एसपी के निर्देश पर पूरे जिले में चेकिग अभियान चलाया गया। बगैर मॉस्क के घूमते मिले 234 लोगों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। चेकिग अभियान से लोगों में हड़कंप मचा रहा।
जिले में प्रवासियों के आने का सिलसिला शुरु होते ही कोरोना संक्रमितों की भी संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। लॉकडाउन में ढील के बाद बाजारों में लोगों की भीड़ बढ़ रही है, सड़कों पर लोगों का भी चक्रमण बढ़ गया। गांव से लेकर शहर तक लोग लॉकडाउन का उल्लंघन कर बेखौफ होकर इधर-उधर घूम रहे हैं। इसका सख्ती से पालन कराने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने भी संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को सभी थाना क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से लेकर शाम तीन बजे तक चेकिग अभियान चलाया गया।
चेकिग अभियान में जिले की पुलिस ने बगैर मॉस्क के घूम रहे 234 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 100 से लेकर दो सौ रुपये का जुर्माना वसूल किया। वहीं दो पहिया वाहनों पर दो सवारी बैठाने, मॉस्क, हेलमेट न पहने वालों के भी पुलिस ने 1307 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे जुर्माना के तौर पर 38 हजार 700 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया। इसी प्रकार से दो सवारी से अधिक लोगों को बैठाकर चलने वाले 27 टेंपो व टोटो (ई-रिक्शा) चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। पुलिस ने ओवरलोड पाए जाने पर तीन टेंपो को सीज भी कर दिया।