गोरखपुर-बस्ती मंडल में कोरोना का कहर तेज होता जा रहा है। रविवार को जहां 23 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई, वहीं गोरखपुर में लगातार दूसरे दिन एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो गई। रविवार को सिद्धार्थनगर में सर्वाधिक सात, देवरिया में पांच और बस्ती जिले में चार नए लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है, जबकि संत कबीरनगर, महराजगंज व कुशीनगर में दो-दो नए मरीज मिले हैं।
गोरखपुर में एक की मौत
गोरखपुर जिले के चिलुआताल क्षेत्र के नवापार गांव के निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति बीते 13 मई को मुंबई से घर लौटे। वह बुखार व सर्दी-खांसी से पीडि़त थे। उन्हें होम क्वारंटाइन कराया गया था। रविवार की सुबह हालत बिगडऩे पर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उनका नमूना जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट में उनके पाजिटिव होने की पुष्टि हुई है।
सिद्धार्थनगर के जिन सात लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनमें तीन शोहरतगढ़, तीन बांसी व एक इटवा तहसील क्षेत्र के निवासी हैं। यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 44 हो गई है। इनमें 17 ठीक होकर घर जा चुके हैं।
देवरिया में पांच नए केस
देवरिया में पांच कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। यहां संक्रमितों की संख्या 15 हो गई है, जिसमें 13 सक्रिय मामले हैं। दो लोगों को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे दी गई है। बस्ती जिले में चार और प्रवासी मजदूरों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। महराजगंज में दो और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 18 हो गई है। संत कबीरनगर में मुंबई से ट्रक से आए दो और लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 42 हो गई है। कुशीनगर में दो और मरीजों की रविवार की सुबह आई जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। यहां संक्रमित मरीजों की संख्या पांच हो गई है।